आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संगरिया। संगरिया तहसील के गांव रतनपुरा में गंदे पानी की निकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। इस संबंध में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी संगरिया को ज्ञापन सौंपा। साथ ही विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भी ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में बताया गया कि गांव रतनपुरा की गली नंबर 4 व 5 में गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नालियों का पानी सड़कों पर फैल जाता है। इससे क्षेत्र में गंदगी फैलने के साथ-साथ लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। कई बार बिना बारिश के भी गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है तथा कई मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी सरपंच, ग्राम पंचायत और पंचायत समिति को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करवाने की मांग की गई है। इसके साथ ही पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भी ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मनरेगा के तहत मिलने वाली करीब 200 रुपये प्रतिदिन मजदूरी को बढ़ाकर कम से कम 600 रुपये प्रतिदिन किया जाना चाहिए, ताकि मजदूर वर्ग को महंगाई के दौर में राहत मिल सके। इसके अलावा बीपीएल व गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा में प्राथमिकता देने और उन्हें सरकारी नौकरियों में भी उचित अवसर प्रदान करने की मांग की गई। ज्ञापन में भूमिहीन व गरीब परिवारों को आसान किस्तों पर करीब 15 बीघा जमीन उपलब्ध करवाने तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने या बेरोजगारी भत्ता उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों व पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उपखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार, राजेन्द्र कांटीवाल, अनमोल खोसा, राजू सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
