– हनुमानगढ़ के चन्द्रभान ज्याणी ने प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए ठोकी दावेदारी
हनुमानगढ़। राजस्थान कानूनगो संघ के प्रदेशस्तरीय आम चुनाव 15 मार्च को जयपुर में आयोजित किए जाएंगे। इस चुनाव में प्रदेशभर के कानूनगो पदाधिकारी अपने मताधिकार का प्रयोग कर संघ की नई प्रदेश कार्यकारिणी का चयन करेंगे। चुनाव प्रक्रिया में राजस्थान के 42 जिलों के कानूनगो मतदाता हिस्सा लेंगे और प्रत्येक जिले से सात-सात मत डाले जाएंगे। इस चुनाव में प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए हनुमानगढ़ निवासी चन्द्रभान ज्याणी ने अपनी दावेदारी पेश की है। ज्याणी लंबे समय से संघ से जुड़े रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि वे लगातार तीन बार राजस्थान कानूनगो संघ के हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि महासंघ के जिलाध्यक्ष पद पर भी वे दो बार निर्वाचित हो चुके हैं। चुनाव को लेकर चन्द्रभान ज्याणी ने बुधवार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कानूनगो से संपर्क कर जनसम्पर्क अभियान चलाया और अपने समर्थन में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि उन्हें प्रदेशाध्यक्ष बनने का अवसर मिलता है तो वे निस्वार्थ भाव से संघ के सभी सदस्यों को साथ लेकर उनके हितों और मांगों के लिए लगातार संघर्ष करेंगे। ज्याणी ने कहा कि वे राजस्थान कानूनगो संघ की लंबे समय से अटकी हुई डीपीसी (विभागीय पदोन्नति समिति) को करवाने के लिए प्रयास करेंगे, ताकि संघ के सदस्यों को पदोन्नति का लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि इससे पटवारी से गिरदावर पद पर पदोन्नति का रास्ता साफ होगा और पटवारी के रिक्त पदों पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समय के साथ कानूनगो कैडर के कई अधिकार और सुविधाएं कम कर दी गई हैं। यदि उन्हें जिम्मेदारी मिलती है तो वे इन अधिकारों को वापस दिलाने और कानूनगो वर्ग को उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे। ज्याणी के अनुसार, महासमिति की ओर से सरकार को पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों का भी गहन विश्लेषण किया जाएगा और उनमें शामिल वाजिब मांगों को मजबूती से सरकार के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा, ताकि कानूनगो वर्ग की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
