हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव–2026 के अंतर्गत मतदाता जागरूकता गतिविधियों के आयोजन की कड़ी में शुक्रवार को राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के अंतर्गत हनुमानगढ़ जिले में स्वयं सहायता समूहों (SHG) की बैठकों के दौरान मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मतदान के महत्व का संदेश दिया। महिलाओं द्वारा मतदान जागरूकता संबंधी पोस्टर तैयार किए गए, रंगोली के माध्यम से मतदाता जागरूकता के संदेश प्रदर्शित किए गए तथा मेहंदी के माध्यम से भी मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार के महत्व तथा निर्वाचन प्रक्रिया में जनभागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। बैठकों में उपस्थित महिलाओं को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं ग्राम समुदाय के पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। राजीविका के स्वयं सहायता समूह ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रभावी माध्यम हैं। समूह की महिलाओं के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश घर-घर एवं ग्राम स्तर तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आगामी पंचायतराज चुनावों में पात्र मतदाता जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
