हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ की महिला विंग की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत किया गया है। परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन की अनुशंसा पर महिला विंग जिलाध्यक्ष सुनीता भाटी ने ज्योति बंसल को महिला विंग की संगठन सचिव नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से संगठन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर महिला विंग जिलाध्यक्ष सुनीता भाटी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं एवं महिलाओं को सामाजिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्योति बंसल अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगी तथा संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। नवनियुक्त संगठन सचिव ज्योति बंसल ने नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे महिला विंग को और अधिक सक्रिय एवं संगठित बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगी। उन्होंने महिलाओं को संगठन से जोड़कर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन सहित परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ज्योति बंसल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूती प्रदान करने की अपेक्षा जताई। नियुक्ति की सूचना से परिषद की महिला विंग में उत्साह का माहौल देखा गया।
