हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत धौलीपाल के ग्रामीणों ने राशन वितरण में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सोमवार को जिला रसद अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग की। ज्ञापन ग्राम पंचायत प्रशासक चरणसिंह के नेतृत्व में सौंपा गया। प्रशासक चरण सिंह ने आरोप लगाया कि धौलीपाल के राशन डिपो संचालक आशीष शर्मा की ओर से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत बड़े स्तर पर अनियमितताएं की जा रही हैं। डिपो संचालक भोले-भाले और जरूरतमंद लोगों से ओटीपी प्राप्त कर उनके नाम पर गेहूं एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण रिकॉर्ड में दर्शा देता है, लेकिन वास्तविक रूप से उन्हें राशन उपलब्ध नहीं कराया जाता। कुछ लाभार्थियों से गेहूं वापस खरीदकर उसे अधिक कीमत पर बेचा जाता है। ग्रामीणों के पास इस संबंध में साक्ष्य और गवाह भी मौजूद हैं। ग्रामीणों ने जिला रसद अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित डिपो संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना आवश्यक है ताकि पात्र लाभार्थियों को उनका अधिकार मिल सके। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मामले की गंभीरता से जांच नहीं की गई तो ग्रामीण आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे। इस मौके पर हरजिन्द्र सिंह, वेदप्रकाश, दौलतराम, अजय कुमार, पप्पूराम, रणवीर, महेश, संदीप, दलीप, राकेश कुमार, हनुमान, प्रेमसिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
