भादरा। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भादरा पुलिस ने लूट के प्रयास के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरि शंकर के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर रोकथाम, वांछित अपराधियों की धरपकड़ और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सेक्टर नोहर) गीता चौधरी तथा वृत्ताधिकारी भादरा संजीव कटेवा के सुपरविजन और थानाधिकारी नुमानराम बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रकरण संख्या 31/2026 में कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित पुत्र सुरेन्द्र कुमार ब्राह्मण (25) निवासी सागड़ा को बाद अनुसंधान गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 309(5), 126(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। प्रकरण में अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार, 7 फरवरी 2026 को परिवादी राजकुमार महियल ने थाना भादरा में रिपोर्ट दी थी कि 6 फरवरी की शाम करीब 7:15 बजे वह अपनी दुकान से स्कूटी पर मुनीम सुनील के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोककर पिस्तौल दिखाते हुए बैग छीनने का प्रयास किया। परिवादी द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में पूर्व में एक आरोपी साहिल खान को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस टीम में जगदीश प्रसाद सब-इंस्पेक्टर, मदन कांस्टेबल, राकेश कांस्टेबल एवं नीतिश कांस्टेबल शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल मदन की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
