– भूपेन्द्र चौधरी बोले-कांग्रेस को लेकर जनता में उत्साह, बोर्ड बना तो नए शहर के निर्माण के साथ स्वच्छता पर रहेगा विशेष फोकस
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 24 से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल झींझा के समर्थन में चुनाव प्रचार जोर-शोर से जारी है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वार्ड में जनसंपर्क किया तथा विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को लेकर आमजन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और पार्टी एकतरफा बोर्ड बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि यदि नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनता है तो आने वाले वर्षों में शहर के विकास को नई दिशा देते हुए नए शहर के निर्माण की योजना पर काम किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता को भी प्रमुख प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नगर परिषद के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, लेकिन शहर को स्वच्छ रखने के लिए आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। लोगों को कूड़ा-करकट इधर-उधर नहीं फेंकने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।
जलभराव से लेकर सड़क और लाइटिंग तक समस्याएं
कांग्रेस प्रत्याशी राहुल झींझा ने कहा कि वार्ड नंबर 24 में वर्तमान में कई मूलभूत समस्याएं हैं। इनमें जलभराव, पेयजल, स्ट्रीट लाइटिंग, टूटी सड़कें और नालियों के निर्माण से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें मौका दिया तो इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करवाने का प्रयास किया जाएगा।
पूर्व पार्षद पर विकास नहीं करवाने का आरोप
राहुल झींझा ने पूर्व पार्षद पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीतकर पार्षद बने थे, लेकिन बाद में निर्दलीय विधायक के साथ चले गए। इसके बाद वार्ड के विकास कार्य प्रभावित हुए और अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता इस बार ऐसे प्रत्याशी को चुने जो पार्टी और वार्डवासियों के प्रति जवाबदेह रहे तथा क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाए। जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वार्डवासियों से राहुल झींझा के समर्थन में मतदान करने और नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में सहयोग करने की अपील की।
