– अमित सहू बोले-विकास और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए भाजपा को दें वोट; राठौड़ ने गिनाईं वार्ड की प्राथमिकताएं
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 24 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गजेन्द्र सिंह राठौड़ के समर्थन में वार्ड में चुनावी सभा आयोजित की गई। सभा में भाजपा युवा नेता अमित सहू, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, देवेन्द्र अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा युवा नेता अमित सहू ने कहा कि 11 सितंबर को होने वाले नगर परिषद चुनाव में मतदाता विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य शहर में विकास कार्यों को गति देने के साथ बेईमानी और भ्रष्टाचार को खत्म करना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शहर में अनेक विकास कार्य करवाए गए हैं और इन्हीं कार्यों को आधार बनाकर पार्टी जनता के बीच समर्थन मांग रही है।
बोले-हनुमानगढ़ का भविष्य तय करेंगे ये चुनाव
सभा में अन्य वक्ताओं ने कहा कि नगर परिषद चुनाव हनुमानगढ़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन चुनावों से न दिल्ली की सरकार बदलेगी और न जयपुर की सत्ता में कोई परिवर्तन होगा, लेकिन हनुमानगढ़ का स्थानीय विकास और नगर परिषद का नेतृत्व जरूर तय होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी कथनी और करनी में अंतर नहीं रखती तथा घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास करती है।
जल निकासी और पट्टों की समस्या बनेगी प्राथमिकता
भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने वार्ड की समस्याएं गिनाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बरसाती पानी की निकासी बड़ी समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान पानी एक स्थान पर जमा हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों के साथ-साथ वार्ड के सभी लोगों को परेशानी होती है।

उन्होंने कहा कि सहारा कॉलोनी में पट्टों की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है। चुनाव जीतने पर बरसाती पानी की निकासी और पट्टों की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
नशामुक्त वार्ड और विकास का वादा
राठौड़ ने कहा कि वार्ड को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा सड़क और नालियों का निर्माण सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य करवाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने वार्डवासियों से 11 सितंबर को अधिकाधिक मतदान कर उन्हें विजयी बनाने और नगर परिषद में वार्ड की आवाज उठाने का अवसर देने की अपील की।
