– पूर्व पार्षद गौरव जैन बोले-वार्ड में सड़क, नाली, पानी और बिजली की समस्याओं का होगा समाधान; सभापति पद को लेकर पार्टी के निर्णय का करेंगे पालन
हनुमानगढ़। पूर्व पार्षद अंजना जैन ने शनिवार को वार्ड नंबर 48 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके पति एवं पूर्व पार्षद गौरव जैन सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। गौरव जैन ने बताया कि अंजना जैन पूर्व में वार्ड नंबर 49 से पार्षद रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड 49 में करवाए गए विकास कार्यों की तर्ज पर वार्ड 48 का भी विकास करवाने का प्रयास किया जाएगा। उनके कार्यकाल में कई पार्कों का निर्माण, चौड़ी सड़कों का निर्माण और सीवरेज चैम्बरों से संबंधित कार्य करवाए गए। इसके अलावा गांधीनगर अंडरपास और बिजलीघर के लिए आंदोलन कर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए गए। उनके अनुसार गांधीनगर में पानी की टंकी का निर्माण भी उनके प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि वार्ड 48 शहर के विकास की दृष्टि से पिछड़े वार्डों में शामिल है। वार्ड में एसडीएम कॉलोनी, करतार कॉलोनी, विचित्र सिंह कॉलोनी, शाक्य कॉलोनी, भटनेर पिंक सिटी और सावन कॉलोनी सहित कई क्षेत्र हैं, जहां सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। गौरव जैन ने कहा कि वार्ड में नहरी पानी की सुचारू व्यवस्था, जीएसएस का निर्माण, नई पानी की टंकी तथा सड़क-नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने वार्डवासियों से अंजना जैन को पुन: सेवा का अवसर देने की अपील की।
कांग्रेस छोड़ने पर बोले-वैचारिक रूप से भाजपा के साथ रहे
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में लौटने के सवाल पर गौरव जैन ने कहा कि वे वैचारिक रूप से भाजपा के साथ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में उनका एक बड़ा समूह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। बाद में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व से मतभेदों के चलते अलग धड़े के रूप में चुनाव लड़ने की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उन्होंने दोबारा भाजपा का दामन थामा और अब भाजपा के साथ ही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने निर्दलीय विधायक को भी सुझाव दिया था कि उनके स्तर पर सुझाए गए जिताऊ उम्मीदवारों की सूची भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दी जाए, लेकिन उनकी बात पर सहमति नहीं बनी। जैन ने कहा कि उन्होंने स्वयं तय किया है कि वे भाजपा के साथ रहेंगे और पार्टी का प्रत्याशी ही उनके लिए महत्वपूर्ण है।
डबल इंजन सरकार से विकास की उम्मीद
गौरव जैन ने कहा कि प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के कारण शहर में विकास के लिए बेहतर समन्वय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जनता भी इस बार कड़ी से कड़ी जोड़कर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने का मन बना रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा। अंजना जैन के सभापति पद की दौड़ में होने के सवाल पर गौरव जैन ने कहा कि इस संबंध में चर्चा स्वाभाविक है, क्योंकि उनकी पत्नी सामान्य महिला सीट से चुनाव लड़ रही हैं और सभापति पद भी सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व का जो भी निर्णय होगा, उसका पालन किया जाएगा।

