हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र के छानीबड़ी गांव में शराब के निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे मांगने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब ठेके के सेल्समैन, होटल संचालक के बेटों और अन्य लोगों ने युवक व उसके भाई-भतीजे के साथ मारपीट की। हमले में युवक के हाथ में फ्रैक्चर सहित कई चोटें आई हैं। भिरानी थाना पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार छानीबड़ी निवासी संदीप कुमार (36) पुत्र प्रीतम दास सांसी ने रिपोर्ट दी कि 12 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे वह अपने भाई कुलदीप सिंह और भतीजे राहुल के साथ बेर बस स्टैंड के पास स्थित दो भाई होटल पर खाना खाने गया था। पास स्थित अंग्रेजी शराब का ठेका देर रात तक खुला था। तीनों वहां एक बीयर लेने पहुंचे। सेल्समैन ने निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगी। संदीप के अनुसार निर्धारित समय के बाद ठेका खुला रखने और प्रिंट रेट से अधिक पैसे मांगने का विरोध करने पर सेल्समैन ने गाली-गलौज शुरू कर दी। ठेके के अंदर बैठे तीन-चार अन्य लोग भी बाहर आ गए और उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगे। शोर सुनकर होटल संचालक सीताराम, उसके बेटे बंटी व सोनू तथा 8-10 अन्य लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर वहां पहुंच गए और तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने संदीप को नीचे गिराकर लात-घूंसों व लाठी-डंडों से पीटा। बीच-बचाव करने आए भाई कुलदीप और भतीजे राहुल के साथ भी मारपीट की गई। संदीप के अनुसार बंटी ने उसके हाथ पर लाठी से वार किया, जबकि सेल्समैन ने हाथ मरोड़ दिया। इससे हाथ व कोहनी में गंभीर चोट आई। घटना के बाद संदीप ने पुलिस को सूचना दी और छानीबड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार कराया। गंभीर चोटों के चलते उसे भादरा रेफर किया गया। एक्स-रे में हाथ में फ्रैक्चर पाए जाने पर उसे जिला अस्पताल हनुमानगढ़ भेजा गया, जहां उपचार के बाद 13 सितंबर को छुट्टी दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट व चोटों के आधार पर बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच भादरा के पुलिस उप अधीक्षक कुलदीप सिंह को सौंपी गई है। परिवादी ने शराब ठेके की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर कब्जे में लेने की मांग भी की है।
