हनुमानगढ़। सालों से नलकूप के पानी का सेवन कर रहे जंक्शन व टाउन शहरी क्षेत्र के वाशिंदों को अब जल्द शुद्ध नहरी पानी पीने को उपलब्ध होगा। इसके लिए नए वाटर वर्क्स का निर्माण कार्य चल रहा है। यह कार्य करीब दो साल तक चलेगा। पिछले करीब तीन माह से कार्य प्रगति पर है। करीब पन्द्रह प्रतिशत कार्य हो चुका है। डिग्गियों आदि का निर्माण करवाया जा चुका है।

इस कार्य के साथ-साथ जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से जहां-जहां पाइप लाइन बिछाई जानी है, उसका ले आउट फाइनल करने के लिए शहर में सर्वे करवाया जा रहा है। गुरुवार को भी विभाग के अधिकारियों ने जंक्शन शहरी क्षेत्र में कई जगह सर्वे कार्य किया। पीएचईडी एसई विजय वर्मा ने बताया कि अमृत योजना 2.0 के तहत जंक्शन व टाउन के लिए 60 करोड़ रुपए विभाग को प्राप्त हुए हैं।

इसके संबंध में नगर परिषद से पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क आदि तोड़ने की स्वीकृति ली गई थी। इसके तहत सड़क के दोनों तरफ जिन घरों के कनेक्शन कट गए, उसका सर्वे करवाया जा रहा है। नए वाटर वर्क्स से शहर के अन्य वाटर वर्क्स को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद पूरे क्षेत्र में नहरी पानी की सप्लाई होगी। विभाग का प्रयास है कि गर्मी के सीजन से पहले इस कार्य को पूर्ण करवा दिया जाए ताकि शुद्ध नहरी पेयजल उपलब्ध हो सके।
