हनुमानगढ़। संत नामदेव छीपा समाज समिति, हनुमानगढ़ (राज.) के तत्वावधान में शहर में ज्ञान एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘संत नामदेव लाइब्रेरी’ का भव्य शिलान्यास समारोह 5 मार्च 2026, गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम संगारिया बाईपास रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित प्रस्तावित स्थल पर सम्पन्न होगा। समिति पदाधिकारियों के अनुसार प्रातः 7:15 बजे हवन प्रारंभ होगा, जबकि शिलान्यास कार्यक्रम प्रातः 8:15 बजे विधिवत रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय गणमान्यों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम के उपरांत भोजन-प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है। समारोह की अध्यक्षता जगदीश वर्मा, पूर्व महासचिव ओबीसी एआईसीसी, संगारिया (राज.) करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में कुलदीप इंदौरा, सांसद श्रीगंगानगर उपस्थित रहेंगे। अतिविशिष्ट अतिथियों में विधायक गणेशराज जी बंसल (हनुमानगढ़), विनोद जी गोदवाल (पीलीबंगा), अभिमन्यु पूनिया (संगरिया), अमित चाचाण (नोहर) एवं अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में सतीश वर्मा, प्रदेशाध्यक्ष नामदेव सभा हरियाणा, शुभम सागू, जिला महामंत्री ओबीसी मोर्चा हरियाणा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार कायथ ने बताया कि लाइब्रेरी की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को एक सुसज्जित अध्ययन केंद्र उपलब्ध कराना है। सचिव दलीपचंद खटी एवं कोषाध्यक्ष मुकेश बुला ने सभी समाज बंधुओं एवं क्षेत्रवासियों से इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आह्वान किया है। यह पहल क्षेत्र में शिक्षा एवं सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
