हनुमानगढ़ टाउन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया निरीक्षण
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा प्रेषित स्टेट एक्शन प्लान की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हनुमानगढ़ के सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने हनुमानगढ़ टाउन स्थित सखी सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर में उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के समय तेनगुरिया ने सखी सेंटर में संधारित विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण में सेंटर की समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक और सुचारु पाई गईं। इस दौरान सखी सेंटर पर काउंसलर सुमन भी उपस्थित मिलीं, जिन्होंने सेंटर की कार्यप्रणाली और सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। काउंसलर सुमन ने बताया कि सखी सेंटर का मुख्य उद्देश्य हिंसा से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को एक ही स्थान पर त्वरित और समुचित सहायता उपलब्ध कराना है। सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को अस्थायी आश्रय, परामर्श सेवाएं, चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता तथा विधिक सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इसके अतिरिक्त पीड़ितों को सेंटर में निःशुल्क भोजन और आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें सुरक्षित वातावरण में सहायता मिल सके। उन्होंने बताया कि सखी सेंटर 24 घंटे और सातों दिन संचालित रहता है, ताकि जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी समय सहायता मिल सके। सेंटर में प्रशिक्षित परामर्शदाता, सुरक्षा कर्मी और हेल्पर तैनात हैं, जो पीड़ितों की सहायता और देखभाल के लिए तत्पर रहते हैं। निरीक्षण के दौरान तेनगुरिया ने सेंटर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जरूरतमंद महिलाओं तक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सखी सेंटर महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लाभ अधिक से अधिक पीड़ित महिलाओं तक पहुंचना चाहिए।
