हनुमानगढ़। टाउन स्थित इंदिरा कॉलोनी बस्ती का हिंदू सम्मेलन सूर्य नगर के सामुदायिक केंद्र में श्रद्धा, अनुशासन एवं सामाजिक चेतना के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहन पराजिता, दिव्य ज्योति जागृती संस्थान, अखंडानंद, दिव्य ज्योति संस्थान, नागेंद्र नंदगिरी जी, फुरबाबा डेरा एवं जसवीर सिंह, कलगीधर गुरुद्वारा, इंदिरा कॉलोनी के प्रधान उपस्थित रहे। मंच संचालन पवन शर्मा ने किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक राजेश कुमार रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में सेवा भारती समिति ओर सूर्य नगर स्थित सरकारी विद्यालय की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मुख्य वक्ता ने कहा कि हिंदू समाज की शक्ति उसकी एकता, संस्कार और समरसता में निहित है। जब समाज संगठित होता है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है। उन्होंने पंच परिवर्तन-स्व का बोध, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं कुटुंब प्रबोधन-को जीवन में उतारने का आह्वान किया। राजेश कुमार ने कहा कि आज आवश्यकता है कि प्रत्येक हिंदू अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करे तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने हेतु सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशामुक्त, संस्कारित और राष्ट्रभक्त जीवन अपनाकर समाज को दिशा दें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व निभाना ही सच्चा धर्म है। कार्यक्रम में उपस्थित संत-महात्माओं एवं अतिथियों ने भी अपने विचार रखते हुए सामाजिक एकता, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। सम्मेलन का समापन भारत माता की जयघोष एवं सामूहिक भोज के साथ हुआ।
