हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत सहजीपुरा में मनरेगा कार्य शुरू करवाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन और भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) के नेतृत्व में पंचायत भवन का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और मनरेगा मजदूरों ने तुरंत प्रभाव से ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्य शुरू करने, पीने के पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्राथमिक विद्यालय में पानी निकासी की समस्या का समाधान करने तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र में आबादी भूमि के पट्टे जारी करने की मांग को लेकर जिला परिषद सीईओ के नाम पंचायत समिति हनुमानगढ़ के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने ग्राम विकास अधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, एलडीसी सहित अन्य कर्मचारियों के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि उनकी निष्प्रभावी कार्यशैली के कारण ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। सूचना मिलने पर पंचायत समिति हनुमानगढ़ के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान जलदाय विभाग के कर्मचारी और पुलिस चौकी प्रभारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही ग्राम पंचायत में शुक्रवार, 22 मई 2026 से मनरेगा कार्य शुरू करने पर सहमति बनी। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। प्रदर्शन में अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष मनीराम मेघवाल, जिला सचिव प्रहलाद मरुवा, डीवाईएफआई के विनोद कुमार वर्मा, पवन कुमार परिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और मनरेगा मजदूर मौजूद रहे। प्रदर्शन में राजूराम, सुरेंद्र, गिरधारी लाल, नानकराम, सुखपाल, राजेंद्र, सलीम, लखासिंह, बलवीर सिंह, जसपाल, संदीप, काका सिंह, गुरचरण सिंह, विमला देवी, राधा देवी, सोमा देवी, महिंद्रा, सरोज, मंजू और सुनीता सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
