हनुमानगढ़। श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इन्दौरा ने शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में डीसीसी के निर्देशानुसार जनसुनवाई की। इस दौरान सांसद ने जिले के नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान करवाने के लिए आश्वस्त किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, मनमोहन सोनी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सांसद कुलदीप इन्दौरा ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश-देश के हालात अच्छे नहीं हैं। आम आदमी, किसान, गरीब, मजदूर आदि पीड़ित और प्रताड़ित हैं। यह दुर्भाग्य है कि डबल इंजन की सरकार में भी आज किसान पीड़ित व दुखी है। केन्द्र-राज्य सरकारें आम व जरूरतमंद की कहीं मदद नहीं कर पा रही। तहसीलों-जिलों में रोजमर्रा आंदोलन हो रहे हैं। लोग संघर्ष कर रहे हैं और समस्याओं के लिए आवाज उठा रहे हैं। केन्द्र सरकार की ओर से बेरोजगारी-महंगाई पर कहीं चर्चा नहीं है। लगातार निजीकरण किया जा रहा है। सरकारी नौकरी में दी जाने वाली तनख्वाह के चौथे हिस्से पर निविदा पर रखकर युवाओं का भविष्य चौपट किया जा रहा है। लगातार सरकार और प्रशासन को चेताने का काम किया जा रहा है। बावजूद उसके समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। यह दुर्भाग्य की बात है। इन्दौरा ने कहा कि हनुमानगढ़ जिला किसान और किसानी से जुड़ा हुआ कृषि प्रधान जिला है। लेकिन इस जिले पर केन्द्र-राज्य सरकार किस तरह से ध्यान दे रही है, इस पर सोचने की आवश्यकता है। किसानों के लिए यह सुनिश्चित नहीं है कि उन्हें आवश्यकता के समय पूरा पानी मिलेगा। तय हिस्सा भी नहीं मिल रहा। हनुमानगढ़ जिले को धान का कटोरा कहा जाता है लेकिन उस धान की सरकारी खरीद तक शुरू नहीं हुई। किसान सड़कों पर बैठा रहा। वर्तमान में भी हालात कुछ इसी तरह हैं। आज किसान अपनी फसलें औने-पौने दामों में बेचने को मजबूर है। गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हो रही। बारदाने की पूर्ति नहीं हो रही। पूरे संभाग में यह हालात हैं। दूषित पानी के सेवन से लोग कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। सरकार इन मुद्दों के लिए गंभीर नहीं है। इन समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार कहती है कि देश को नदियों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के समय जिन डैम का निर्माण हुआ था, इंदिरा गांधी के समय जिन नहरों का निर्माण हुआ था, जिनकी भराव क्षमता उस समय तय की गई थी। उसे ही वर्तमान सरकार पूरा कर दे। उन्होंने दूषित पानी से बचे जाने के लिए प्रदेश में पेयजल के लिए एक नीति बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि डैम से अलग से पेयजल की पाइप लाइन बिछाई जाए ताकि उस पानी में बीच में दूषित या केमिकल युक्त पानी की मिलावट न हो। वर्तमान सरकारें संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। धर्म-राष्ट्र के नाम पर राजनीति की जा रही है। दोनों जिलों में नशा तेजी से पांव पसार रहा है। पाकिस्तान से श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती इलाके में ड्रग्स व हथियारों की तस्करी हो रही है। दूसरी तरफ केन्द्र सरकार दावा करती है कि पाकिस्तान से सूई तक नहीं आने दी जाएगी। दोनों जिलों के यात्री सुपरफास्ट ट्रेनों से वंचित हैं। केन्द्र सरकार का इस इलाके के प्रति रवैया ठीक नहीं है जो चिंता का विषय है। पूर्ववर्ती सरकार की तमाम बड़ी योजनाएं बंद कर दी। मनरेगा को भी अनौपचारिक तौर पर बंद कर दिया है। किसान को नकली खाद-बीज मिल रहा है। इन्दौरा ने कहा कि वर्तमान राजस्थान सरकार से प्रदेश की जनता त्रस्त है और सत्ता परिवर्तन के मूड में है।
