– कार्यशाला में विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और संभावनाओं के आधार पर करियर विकल्पों की जानकारी
हनुमानगढ़। ईताशा सोसाइटी, नई दिल्ली की ओर से मंगलवार को जंक्शन की कैनाल कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में प्रोजेक्ट दिशा के तहत करियर गाइडेंस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को समय रहते उनकी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप बेहतर करियर की पहचान कर सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देना रहा। सोसाइटी की सोनिया ने बताया कि शिक्षा विभाग के सहयोग से राजस्थान के सरकारी विद्यालयों में करियर गाइडेंस वर्कशॉप आयोजित की जा रही हैं। इसके तहत विद्यार्थी मोबाइल फोन के माध्यम से साइकोमेट्रिक टेस्ट देते हैं। टेस्ट के वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर विद्यार्थियों की क्षमता और रुचि के अनुरूप विभिन्न करियर विकल्प सामने आते हैं। इससे विद्यार्थियों को यह समझने में मदद मिलती है कि वे वर्तमान में किस करियर के लिए कितने तैयार हैं और अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए उन्हें किन क्षेत्रों में अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ में यह कार्यक्रम अगस्त से शुरू हुआ था। इससे पहले टाउन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फोर्ट तथा जंक्शन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। सोनिया ने बताया कि कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं में पहुंचने के बाद विद्यार्थियों में करियर को लेकर चिंता बढ़ने लगती है। ऐसे समय में उन्हें वैज्ञानिक तरीके से मार्गदर्शन देने के लिए यह पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 22 हजार से अधिक विद्यार्थियों के साथ कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कार्यशाला को लेकर विद्यार्थियों के साथ शिक्षक भी उत्साहित हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से भी पहल की सराहना की जा रही है, क्योंकि साइकोमेट्रिक टेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए उपयुक्त करियर विकल्प सामने आ रहे हैं और उन्हें अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिल रही है।
