हनुमानगढ़। टाउन की रामसिंह कॉलोनी में एक सूने मकान की स्टील ग्रिल तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुस गए और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। मामले में मकान मालिक ने टाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार गगनदीप सिंह (35) पुत्र राजेन्द्र सिंह छिम्पा निवासी मकान नंबर 64, रामसिंह कॉलोनी, टाउन ने थाने में रिपोर्ट दी। परिवादी ने बताया कि वह पिछले 3-4 दिन से नौकरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। उसके मकान पर ताला लगा हुआ था। उसके पिता रात के समय घर पर जाकर सो जाते थे। उम्र अधिक होने के कारण वे मकान के ऊपरी हिस्से में नहीं जाते थे। परिवादी के अनुसार 20 अगस्त की सुबह उसके पिता मकान के ऊपरी हिस्से में गए तो बाहर की तरफ लगी स्टील की ग्रिल टूटी हुई मिली। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में रखी लकड़ी की अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे करीब 20 हजार रुपए नकद, करीब 50 ग्राम चांदी के सिक्के तथा करीब सवा तोले की सोने की चेन गायब मिली। परिवादी ने आसपास चोर की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजवीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने अज्ञात चोर की तलाश और घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
