हनुमानगढ़। ज्वैलरी की मार्केटिंग के लिए नौकरी पर रखे गए सेल्समैन पर करीब 1.83 करोड़ रुपए कीमत के 1264.83 ग्राम सोने के जेवरात हड़पने का आरोप लगा है। जंक्शन निवासी व टाउन स्थित मैसर्स हिसारिया आर्ट पैलेस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर आदित्य हिसारिया की शिकायत पर टाउन थाना पुलिस ने आरोपी रितेश चंडोक निवासी अंबाला (हरियाणा) के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में आदित्य हिसारिया (47) पुत्र राजकुमार हिसारिया निवासी दुकान नंबर 220, न्यू धानमंडी, जंक्शन ने बताया कि उनकी फर्म मैसर्स हिसारिया आर्ट पैलेस प्राइवेट लिमिटेड, टाउन सोने के जेवरात का निर्माण और थोक बिक्री करती है। ज्वैलर्स से ऑर्डर लेने के लिए कंपनी सेल्समैन को जेवरात के सैंपल सूची और वजन सहित देती है। ऑर्डर मिलने पर संबंधित ज्वैलर्स को तैयार जेवरात भेजे जाते हैं। इसी काम के लिए रितेश चंडोक पुत्र सुकरण चंडोक निवासी 23 लक्ष्मी विहार, जांडली, अंबाला, हरियाणा को 1 जनवरी 2026 से 20 हजार रुपए मासिक वेतन और टीए-डीए पर पंजाब व हरियाणा में सेल्स का काम करने के लिए नियुक्त किया गया था। शिकायत के अनुसार, रितेश पहले कई बार सैंपल जेवरात लेकर गया और वापस जमा करवाता रहा। इससे कंपनी का उस पर विश्वास बन गया। आरोप है कि 7 अगस्त 2026 को उसने अलग-अलग स्थानों पर ज्वैलर्स से ऑर्डर लेने जाने की बात कहकर 1264.83 ग्राम सोने के जेवरात लिए। इनकी कीमत करीब 1 करोड़ 83 लाख 13 हजार 107 रुपए बताई गई है। जेवरात प्राप्त करते समय उसने वजन और गिनती के साथ तैयार सूची तथा जीएसटी डिलीवरी चालान पर हस्ताक्षर भी किए। आदित्य हिसारिया के मुताबिक, कई दिन तक रितेश के वापस नहीं लौटने पर उससे फोन पर संपर्क किया गया। उसने जल्द लौटने की बात कही, लेकिन 17 अगस्त के बाद फोन उठाना बंद कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में उसे जानकारी मिली कि रितेश अंबाला और अन्य स्थानों पर भी सोने से संबंधित ठगी के मामलों में शामिल रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बलदेव नगर थाना पुलिस, अंबाला ने उसे सोने की लूट से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया है और वह अभिरक्षा में है। टाउन थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक ज्योति को सौंपी गई है।
