ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार संपत्ति विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रानियां थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्कूटी छीना-झपटी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। रानियां थाना प्रभारी ने बताया कि 20 जनवरी 2026 को शिव किसान केंद्र, नानुआना रोड, रानियां के मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह रात करीब 8 बजे पंप से घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सुल्तानपुरिया रोड स्थित स्टेडियम के पास पहुंचा, वहां मोटरसाइकिल के साथ खड़े तीन युवकों ने उसकी स्कूटी को आगे से रोककर गिरा दिया। इसी दौरान आरोपी स्कूटी और मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर रानियां थाना में छीना-झपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रणजीत सिंह उर्फ मिथुन पुत्र बलबीर सिंह तथा सुखविंदर सिंह उर्फ जेबी पुत्र जरनैल सिंह, निवासी गांव मौजूद्दीन, जिला सिरसा, को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों के एक अन्य साथी की भी पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
