हनुमानगढ़। टाउन स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शांे और उनके जीवन-दर्शन पर प्रकाश डाला। संस्था अध्यक्ष डॉ. सागर मल लड्ढा ने स्वामी विवेकानंद की जीवन-यात्रा, उनके आत्मबल और युवाओं को दिए गए प्रेरणादायक संदेशों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक है और आत्म-विश्वास व राष्ट्रीय जागरूकता को बढ़ाने में सहायक है। निदेशक गोपाल लड्ढा ने अपने संबोधन में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को व्यवहार में उतारने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं में निर्णय क्षमता, उच्च आदर्श और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने पर जोर दिया। प्राचार्य नेहा शर्मा ने भी स्वामी विवेकानंद के जीवन एवं शिक्षा के प्रति उनके दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में उनके विचारों को लागू करने से युवा पीढ़ी का सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम में मौजूद संकाय सदस्यों ने भी अपने विचार साझा करते हुए इस दिन के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद के आदर्शांे के पालन का संकल्प लेने के साथ हुआ।
