- भजन-कीर्तन, पर्यावरण जागरूकता, डेयरी भ्रमण और मनोरंजक गतिविधियों में लिया भाग
हनुमानगढ़। हंसवाहिनी संगीत कला मंदिर की ओर से संचालित ग्रीष्मकालीन संगीत-नृत्य प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विशेष नगर भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 55 छात्र-छात्राओं के दल ने शहर के विभिन्न धार्मिक, शैक्षणिक एवं मनोरंजक स्थलों का भ्रमण कर ज्ञानवर्धक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया। भ्रमण दल को श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के अध्यक्ष अश्विनी नारंग तथा अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक रणवीर सहू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रणवीर सहू ने कहा कि नगर भ्रमण जैसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता बढ़ती है तथा वे शहर के सौंदर्यीकरण और विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं। कला मंदिर के अध्यक्ष गुलशन अरोड़ा ने बताया कि भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न स्थलों पर सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सबसे पहले दुर्गा मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जहां बच्चों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद धर्मशाला पार्क में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा पक्षियों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हुए परिंडे बांधे गए। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गुरुद्वारा बाबा भगत नामदेव जी में पहुंचकर शब्द-कीर्तन प्रस्तुत किया और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव प्राप्त किया। इसके पश्चात सरस दूध डेयरी का भ्रमण कराया गया, जहां बच्चों ने दूध संग्रहण से लेकर विभिन्न दुग्ध उत्पादों के निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा और समझा। डेयरी भ्रमण विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके बाद बच्चों ने मूनो फन पार्क में विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लिया और मनोरंजक खेलों में भाग लेकर खूब उत्साह दिखाया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सेंट्रल पार्क में डांस एवं अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
