हनुमानगढ़। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) से संबद्ध सीए एसोसिएशन की बैठक बुधवार को अध्यक्ष ललित गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की गई। सचिव कमल जैन ने गत वर्ष का आय-व्यय विवरण एवं कार्यक्रमों का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। सदस्यों ने रिपोर्ट पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे पारित किया। इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई। अध्यक्ष पद के लिए हर्ष जिंदल का नाम प्रस्तावित किया गया, सभी ने बहुमत से समर्थन देते हुए उन्हें अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया। नई कार्यकारिणी में रमेश कुमार को उपाध्यक्ष, कमल जैन को सचिव, रमन गर्ग को कोषाध्यक्ष, यश संदीप मित्तल को सीआईसीएएसए चेयरमैन तथा ललित कुमार को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हर्ष जिंदल ने संगठन को और अधिक सक्रिय व सदस्य-हितैषी बनाने का भरोसा दिलाया।
