हनुमानगढ़। जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवक परिषद की ओर से विशेष जनजागरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में जाकर छात्र-छात्राओं को स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे ‘नशामुक्त हनुमानगढ़’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से परिषद ने यह पहल शुरू की है। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर में पहुंचकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा और नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया जाएगा। इस अभियान में विनोद प्रजापत और सुनील भी सहयोग करेंगे। प्रवीण जैन ने कहा कि जिले में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। विशेष रूप से चिट्टे जैसे घातक नशे के कारण कई युवा असमय काल का ग्रास बन रहे हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी जैसी आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन समाज और सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी भी है कि वे युवाओं को जागरूक कर इस बुराई से बचाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवक परिषद का उद्देश्य केवल शपथ दिलाना नहीं, बल्कि युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता पैदा कर हनुमानगढ़ को नशामुक्त बनाने के जन अभियान को मजबूत करना है।
