हनुमानगढ़। गांव कोहला में हिंदी माध्यम स्कूल की कमी को लेकर ग्रामीणों ने विद्यालय को 12वीं तक क्रमोन्नत करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के स्कूलों में जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने गांव कोहला में स्थित संस्कृत विद्यालय को ही 12वीं तक क्रमोन्नत करने की मांग को लेकर विधायक गणेश राज बंसल को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण राजू मेहरड़ा, विजय स्वामी, गोपीराम जोईया, गोपीराम पटीर, लालचंद, पूर्णाराम लोहिया, हीराराम, दीपक जोईया, रणवीर मॉयल इत्यादि ने बताया कि गांव में हिंदी स्कूल न होने के कारण बालक और बालिकाओं दोनों को शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ता है। विधायक ने ग्रामीणों की मांग को सुनकर आश्वासन दिया कि इस मामले में उचित कार्रवाई कर जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।
