हनुमानगढ़। जिले में शनिवार को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज अंधड़ व बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई। दोपहर के समय धूलभरी आंधी और तेज हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई स्थानों पर टीन-छप्पर, होर्डिंग्स और पेड़ों को नुकसान पहुंचा, जबकि बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। दोपहर करीब 12 बजे अचानक आसमान में रेत का बवंडर उठने से दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज धूलभरी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों और दुकानों में धूल भर गई तथा सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई। कुछ देर बाद ठंडी हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई।

अंधड़ के दौरान टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर में अस्थि रोग विभाग एवं फिजियोथैरेपी सेंटर के बाहर खड़े एक बड़े पेड़ की शाखा टूटकर जमीन पर गिर गई। सौभाग्य से उस समय वहां कोई मरीज या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जिस स्थान पर शाखा गिरी, उसके पास एक कार भी खड़ी थी, लेकिन उसे भी नुकसान नहीं पहुंचा। मौसम में आए बदलाव से जहां लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली, वहीं बारिश ने खेतों में गर्मी से प्रभावित हो रही फसलों को भी संजीवनी प्रदान की है। अंधड़ के कारण जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसे विभाग की ओर से घंटों की मशक्कत के बाद बहाल किया गया।
