-भाजपा के नए संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने संभाला कार्यभार, 2028 मिशन की तैयारी शुरू, अजेय कुमार ने संभाली संगठन की जिम्मेदारी
जयपुर। राजस्थान भाजपा को नया प्रदेश संगठन महामंत्री मिल गया है। भाजपा के नए प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने शनिवार को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। वे प्रदेश भाजपा कार्यालय के कमरा नंबर-6 से संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन करेंगे। यह वही कार्यालय है, जहां से पूर्व संगठन महामंत्री चंद्रशेखर संगठन की जिम्मेदारियां संभालते थे। जयपुर पहुंचने के बाद अजेय कुमार सबसे पहले मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर नई जिम्मेदारी की शुरुआत की। इसके बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर महिला मोर्चा एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद अजेय कुमार ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान संगठनात्मक अभियानों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर प्रारंभिक चर्चा भी हुई। राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनाव नए संगठन महामंत्री के नेतृत्व में लड़े जाएंगे। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में ये चुनाव वर्ष 2028 के विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माने जा रहे हैं। ऐसे में इनके परिणाम भाजपा सरकार और संगठन के प्रति जनता के रुझान का महत्वपूर्ण संकेत देंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार अपने कार्यकाल के ढाई वर्ष पूरे करने की ओर बढ़ रही है। ऐसे में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना अजेय कुमार की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। भाजपा का मानना है कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाना होगा। भाजपा संगठन में अजेय कुमार को बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता संवाद और चुनावी माइक्रो मैनेजमेंट का विशेषज्ञ माना जाता है। उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने और चुनावी सफलता दिलाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। राजस्थान में भी उनसे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपेक्षा की जा रही है। राजस्थान की राजनीति में लंबे समय से हर पांच वर्ष में सत्ता परिवर्तन का ट्रेंड रहा है। भाजपा का लक्ष्य इस परंपरा को तोड़ते हुए वर्ष 2028 में दोबारा सरकार बनाना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पंचायत और निकाय चुनावों को संगठनात्मक मजबूती की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अजेय कुमार के आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने राजस्थान को एक अनुभवी संगठन महामंत्री दिया है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पंचायत-निकाय चुनावों से लेकर वर्ष 2028 में सरकार दोहराने के लक्ष्य तक संगठन पूरी ताकत के साथ काम करेगा। राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो आने वाले महीनों में अजेय कुमार की कार्यशैली, संगठनात्मक फैसले और चुनावी रणनीतियां राजस्थान भाजपा की भविष्य की दिशा तय करेंगी। पंचायत और निकाय चुनावों के परिणाम उनकी नई संगठनात्मक पारी की पहली सफलता या चुनौती का संकेत देंगे।
