हनुमानगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष रमेश अग्रवाल तथा राष्ट्रीय उप महामंत्री राधेश्याम शेरेवाला शनिवार को जिला स्तरीय दौरे पर हनुमानगढ़ पहुंचे। जंक्शन स्थित व्यापार मंडल धर्मशाला परिसर में संगठन एवं अग्रवाल समाज के सदस्यों तथा महिला इकाई की ओर से उनका स्वागत किया गया। इसके बाद आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से अमृतलाल गोयल को हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष, दीपक जिंदल को महामंत्री और प्रदीप मित्तल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, समाज की एकजुटता के लिए किए गए कार्यांे को देखते हुए सुनीता अग्रवाल को महिला जिलाध्यक्ष पद पर पुनर्नियुक्त किया गया। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष रमेश अग्रवाल ने समाज के प्रतिष्ठानों, युवाओं के ब्लड ग्रुप तथा विवाह योग्य युवक-युवतियों का दस्तावेजीकरण करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल भाषण देने से समाज का भला नहीं होता, बल्कि समाज के लिए जीकर दिखाना पड़ता है। अग्रवाल समाज के लोगों को आगे आकर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने समाज में गुटबाजी और वर्चस्व के संघर्ष से ऊपर उठकर आत्ममंथन करने तथा अपने दायरे में रहकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय उप महामंत्री राधेश्याम शेरेवाला ने कहा कि देश में अग्रवाल समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उसे अपेक्षित महत्व नहीं मिल रहा है। ऐसे में समाज को संगठित होने की आवश्यकता है। एकजुटता से समाज की आवाज मजबूत होगी और समाज की ताकत को व्यापक पहचान मिलेगी। बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, जरूरतमंदों एवं कमजोर वर्ग की मदद करने तथा सामाजिक एकजुटता मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी समाज को संगठित करने और सामाजिक कार्यांे को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएगी। इस मौके पर समाज के वरिष्ठ सदस्य सुभाष गर्ग, एडवोकेट द्वारका दास अग्रवाल, सुरेश गर्ग, मोहित बलाड़िया, कोमल अग्रवाल, कमल सिंगला, महिला इकाई की महामंत्री रेखा बंसल, संगठन मंत्री वनिता सिंगला, आशा मित्तल, सोनू अग्रवाल, स्नेहलता गोयल मौजूद रहे।
