– काले बादलों से दिन में छाया अंधेरा, पक्कासारणा में ओलावृष्टि, 17 जून तक बारिश के आसार
हनुमानगढ़। उमसभरी गर्मी से परेशान जिलेवासियों के लिए सोमवार राहतभरा साबित हुआ। सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान पर काले बादलों का डेरा छा गया। देखते ही देखते दिन में अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसके बाद धूलभरी आंधी के साथ शुरू हुई बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। करीब पौने घंटे तक लगातार चली बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई। इसके बाद भी दिन भी रुक-रुक बारिश का दौर जारी रहा। आसमान में बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई।

हनुमानगढ़ तहसील क्षेत्र के गांव पक्कासारणा के अलावा भादरा क्षेत्र के गांवों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी सूचना मिली है। बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। सोमवार सुबह लोगों की नींद हल्की बारिश के साथ खुली। इसके बाद करीब 10.45 बजे धूलभरी आंधी के साथ तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। बारिश के चलते जंक्शन और टाउन क्षेत्र की कई सड़कों पर पानी भर गया। टाउन स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास जलभराव होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। टाउन में फतेहगढ़ मोड़ से लेकर भारत माता चौक तक बरसाती पानी से सड़कें लबालब हो गईं। पानी निकासी की व्यवस्था ठप होने से जाम की स्थिति पैदा हो गई। तेज हवाओं के कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। हालांकि बारिश और आंधी का असर कम होने के बाद विद्युत विभाग ने आपूर्ति बहाल कर दी। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी पकड़ रही हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। सोमवार को भी हनुमानगढ़ सहित 15 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था। विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों तक जिले में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। वहीं राजस्थान में 24-25 जून के आसपास मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है, जबकि 17 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।
