हनुमानगढ़। जिले में आबकारी व्यवस्था को सुचारू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 29 अप्रैल को 5 क्लस्टरों की 16 आबकारी दुकानों के आवंटन के लिए ई-टेंडर के माध्यम से नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में लंबे समय से लंबित चल रही दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में एक क्लस्टर हनुमानगढ़ क्षेत्र का है, जिसमें 4 दुकानें शामिल हैं। इसी प्रकार भादरा क्षेत्र में 2 क्लस्टर हैं, जिनमें कुल 5 दुकानें तथा नोहर क्षेत्र में 2 क्लस्टर हैं, जिनमें 6 दुकानें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन दुकानों के लिए नीलामी प्रक्रिया जारी है और विभाग को उम्मीद है कि बुधवार तक जिले की सभी 16 दुकानों का शत-प्रतिशत बंदोबस्त पूरा कर लिया जाएगा। आबकारी अधिकारी के अनुसार यदि सभी दुकानों का सफलतापूर्वक आवंटन हो जाता है तो राज्य सरकार को लगभग 13.25 करोड़ रुपए का वार्षिक राजस्व प्राप्त होगा। यह राजस्व जिले की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में इन दुकानों के आवंटन में कम रुचि के चलते सरकार द्वारा निर्धारित राशि में 10 प्रतिशत की छूट प्रदान की गई थी, जिसके बाद अब नीलामी प्रक्रिया में बेहतर प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक परिणाम की उम्मीद की जा रही है।
