हनुमानगढ़। भाजपा हनुमानगढ़ की ओर से रविवार को संसद में प्रस्तुत केन्द्रीय बजट को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जंक्शन की नई धान मंडी में व्यापारी सुरेन्द्र बलाड़िया के प्रतिष्ठान पर एलईडी स्क्रीन लगाकर सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने की। कार्यक्रम में नई धान मंडी के व्यापारी, मजदूर एवं आम नागरिक मौजूद और बजट भाषण को देखा। बजट समाप्त होने के पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं ने नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद एवं भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारों के साथ खुशी जाहिर की। भाजपा नेताओं ने इसे देश के विकास को गति देने वाला और आमजन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाया गया बजट बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह केन्द्रीय बजट पूरी तरह से आमजन, गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं के हितों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग को बड़ी राहत दी गई है। इससे आम परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। महिलाओं के लिए रसोई गैस, पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। इससे महिलाओं की रसोई पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा। प्रमोद डेलू ने कहा कि किसानों के लिए बजट में कृषि क्षेत्र को मजबूती देने वाले प्रावधान किए गए हैं। किसान सम्मान निधि, सिंचाई योजनाएं, कृषि अवसंरचना कोष और फसल बीमा योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मजदूर वर्ग के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को और सशक्त किया गया है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और राशन से जुड़ी योजनाओं को निरंतर जारी रखते हुए उनका दायरा बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं आमजन के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आत्मनिर्भर भारत के विधानसभा क्षेत्र संयोजक साहिल बलाड़िया ने कहा कि केन्द्रीय बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है और इससे हर वर्ग को लाभ मिलेगा। इस मौके पर पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, दलीप बेनीवाल, जिला प्रवक्ता आशीष पारीक, सुरेंद्र बलाड़िया, राधेश्याम लखोटिया, अपरजोत बराड़, धीरू बलिहारा, सचिन हिसारिया, हरीश सहू, परितोष सारस्वत, अंकप्रीत सिद्धू, प्रदीप कड़वा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
