हनुमानगढ़। लम्बे समय से फरार चल रहे इनामी ड्रग तस्कर ने शुक्रवार रात्रि को संगरिया थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर रही पुलिस टीम पर देसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। तस्कर ने संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह पर दो गोलियां दागी लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट की वजह से थाना प्रभारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस ने भी जवाबी कार्यवाही में तीन फायर किए एक गोली पैर में लगने से तस्कर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को दबोच प्राथमिक उपचार के लिए राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। यह कार्यवाही संगरिया थाना पुलिस, एजीटीएफ और डीएसटी की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। गिरफ्तार किए गए ड्रग तस्कर की पहचान राजवीर उर्फ लक्की झोरड़ (27) पुत्र सुशील कुमार जाट निवासी ढाणी चक 5 केएचआर, खाराखेड़ा पीएस टिब्बी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर यादव सहित अन्य आला अधिकारियों ने मुठभेड़ की सूचना मिलने पर रात्रि को ही मौका निरीक्षण किया।

एफएसएल टीम की ओर से मौका विजिट किया गया। इस संबंध में राजवीर उर्फ लक्की झोरड़ के खिलाफ संगरिया पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस तरह का घटनाक्रम जिले में काफी लम्बे समय बाद हुआ है। शनिवार दोपहर को पुलिस अधीक्षक हरी शंकर यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घटनाक्रम की जानकारी दी। एसपी हरी शंकर यादव ने बताया कि डीएसपी प्रभारी सुशील कुमार को मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई कि पंजाब की तरफ से कोई ड्रग तस्कर व गैंगस्टर आ रहे हैं। उनके पास हथियार हो सकते हैं। सूचना पर संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में टीम, एजीटीएफ व डीएसटी रात्रि करीब आठ बजे तरमाला पुलिया रोही भाखरांवाली पहुंची और नाकाबंदी शुरू की। रात करीब नौ बजे एक संदिग्ध व्यक्ति पंजाब की सीमा से तरमाला पुलिया पार करता हुआ राजस्थान में प्रवेश करता दिखा। उक्त व्यक्ति ने नाकाबंदी देखकर अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की ओर से किए गए दो फायर थाना प्रभारी अमरसिंह के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगे। जवाबी कार्यवाही में पुलिस टीम की ओर से भी फायरिंग की गई। इससे उक्त व्यक्ति के पैर में गोली लगी। टीम ने उक्त शख्स को काबू किया तो उसकी पहचान राजवीर उर्फ लक्की झोरड़ के रूप में हुई। टीम ने राजवीर उर्फ लक्की झोरड़ को प्राथमिक उपचार के लिए हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया। आरोपी के कब्जे से एफएसएल व जांच अधिकारी की ओर से फायरिंग में इस्तेमाल देसी पिस्टल जब्त की है। एसपी के अनुसार आरोपी की ओर से दुस्साहसी कार्य किया गया लेकिन पुलिस की ओर से भी उसका अच्छे से जवाब देकर सख्ती से निपटा गया।

ड्रग तस्करी में लम्बे समय से वांछित
एसपी यादव ने बताया कि राजवीर उर्फ लक्की झोरड़ टिब्बी पुलिस थाना में 2024 में दर्ज हत्या प्रयास व आर्म्स एक्ट व संगरिया पुलिस थाना में 2023 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित है। वह संगठित अपराध के समूह में काम करता रहा है। वह गैंग बनाकर संगठित रूप से मादक पदार्थ की व्यापक स्तर पर तस्करी करता है और घातक आयुध से सुसज्जित रहता है। वह लम्बे समय से हरियाणा, पंजाब व अन्य राज्यों में फरारी के दौरान बड़े नशा तस्करों एवं गैंगस्टर्स के सम्पर्क में था। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित है। उसकी ओर से भविष्य में किसी बड़ी घटना को अंजाम दिया जा सकता था। काफी समय से वांछित होने के कारण पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी के लगातार प्रयास किए जा रहे थे। एसपी यादव ने बताया कि आरोपी ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालते हुए पुलिस पार्टी को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां कर रहे हैं।

टीम में यह रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एजीटीएफ के हैड कांस्टेबल राकेश मीणा, कांस्टेबल देवकरण, सुलेन्द्र, हर्षवर्धन, अरविन्द व नरेन्द्र, डीएसटी हनुमानगढ़ के प्रभारी एसआई सुशील कुमार, एएसआई दुल्लाराम, कांस्टेबल साहबराम, रिंकू, हरिश, पवन व धीरसिंह, संगरिया पुलिस थाना के प्रभारी अमरसिंह, एएसआई रोहताश, हैड कांस्टेबल सुखदेव सिंह, कांस्टेबल राजकुमार व तेजेन्द्र सिंह शामिल रहे।
