हनुमानगढ़। राजस्थान में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने एक ही दिन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच अलग-अलग कार्रवाईयों को अंजाम दिया। इन कार्रवाइयों के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने के साथ ही भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए। बरामद नशीले पदार्थों में 100 ग्राम हेरोइन, करीब 35 किलोग्राम डोडा पोस्त तथा 2.520 किलोग्राम गांजा शामिल है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई जा रही है। एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन और निर्देशन में प्रदेशभर में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पिछले 24 घंटों के भीतर एएनटीएफ की विभिन्न चौकियों और मुख्यालय की टीमों ने मिलकर पांच सफल कार्रवाईयों को अंजाम दिया। पहली कार्रवाई के तहत “ऑपरेशन हृदशार्दूल” चलाकर प्रतापगढ़ जिले के 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी शेरदिल को भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। लंबे समय से फरार चल रहा शेरदिल पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था, जिसे पकड़ने के लिए एएनटीएफ लगातार प्रयास कर रही थी। दूसरी कार्रवाई श्रीगंगानगर जिले के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर आरोपी श्रीगंगानगर से पंजाब की ओर सप्लाई करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर साधुवाला चेक पोस्ट पर सादे वस्त्रों में निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक कार चेक पोस्ट की ओर आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने दूर से ही वाहन को रुकने का संकेत दिया और कार को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान 100 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीटू पुत्र नरेंद्र, निवासी रायसिंहनगर, तथा प्रवीण पुत्र जीतराम, निवासी 11 टी.के. रायसिंहनगर जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। तीसरी बड़ी कार्रवाई में एएनटीएफ की हनुमानगढ़ टीम को सूचना मिली कि एक सिल्वर रंग की कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर हनुमानगढ़ से श्रीगंगानगर होते हुए पंजाब की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ ने श्रीगंगानगर चौकी से संपर्क कर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर रोड पर सादे वस्त्रों में नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार सिल्वर रंग की कार तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें 30.500 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस दौरान कार को जब्त करते हुए आरोपी सुखविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी सुखविंद्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह, उम्र 43 वर्ष, निवासी जल्ला लक्खेके हिठाड घुबाया, तहसील जलालाबाद, जिला फाजिल्का (पंजाब) का रहने वाला है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई वरना कार (नंबर डीएल 10 सीडी 7965) को भी जब्त कर लिया है। इसके अलावा चौथी कार्रवाई में चित्तौड़गढ़ जिले के पारसोली थाना क्षेत्र से 2.520 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं पांचवीं कार्रवाई में भीलवाड़ा जिले के सुभाष नगर थाना क्षेत्र से 4.187 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। एएनटीएफ अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
