चारणवासी। सीआरपीएफ में एएसआई के पद पर तैनात रामगढ़ निवासी कृष्ण कुमार सहारण को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक से नवाजा जाएगा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक द्वारा की गई इस घोषणा के बाद से उनके पैतृक गांव में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे पूरे जिले व प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है। सहारण 1994 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे, जिसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा और गृह मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दीं। इससे पूर्व कश्मीर में तैनाती के दौरान उन्हें उत्कृष्ट सेवा पदक और वर्ष 2023 में पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। त्रिपुरा सहित नॉर्थ ईस्ट के विभिन्न इलाकों में सेवा देने के बाद वर्तमान में वह कोयंबटूर प्रशिक्षण केंद्र में कार्यरत हैं। अब उन्हें यह सराहनीय सेवा पदक महामहिम राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा।
