हनुमानगढ़। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पक्कासरणा में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेविकाओं ने राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय पक्कासरणा का शैक्षणिक भ्रमण किया। शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं ने औषधालय परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर औषधालय में उपस्थित चिकित्सक डॉ. बलदेव कुमावत ने छात्राओं को मौसमी बीमारियों से बचाव एवं आयुर्वेदिक उपचार पद्धति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और आयुर्वेदिक उपायों को अपनाकर कई रोगों से बचाव किया जा सकता है। शिविर कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशन में स्वयंसेविकाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। विद्यालय परिसर में छात्राओं ने मिलकर भोजन ग्रहण किया, जिससे उनमें सामूहिकता और सहयोग की भावना विकसित हुई। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इस दौरान विद्यालय प्रधानाचार्य राकेश कुमार अग्रवाल ने छात्राओं को समाज सेवा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है और उनमें समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
