हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे तनावपूर्ण हालात के बीच एलपीजी गैस की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने नया नियम लागू किया है। इसके तहत अब उपभोक्ता को सिलेंडर मिलने के बाद अगली बुकिंग 25 दिन पूरे होने के बाद ही करने की अनुमति होगी। इस नियम के लागू होने के साथ ही हनुमानगढ़ में गैस एजेंसियों पर बुकिंग के पैटर्न में बदलाव साफ दिखाई देने लगा है। गैस एजेंसियों के अनुसार पहले कई उपभोक्ता सिलेंडर खत्म होने से पहले ही बुकिंग करवा लेते थे, लेकिन अब 25 दिन की समय-सीमा तय होने से उपभोक्ताओं को उसी अवधि के बाद ही बुकिंग की सुविधा मिल रही है। इस कारण एक ही दिन में बड़ी संख्या में उपभोक्ता बुकिंग करवाने लगे हैं, जिससे बुकिंग की संख्या में अचानक कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकार की ओर से घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को मिलने वाली कॉमर्शियल गैस सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई है। इससे घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने में मदद मिल रही है, ताकि किसी भी परिवार की रसोई गैस की कमी के कारण प्रभावित न हो। हाल ही में सरकार ने एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में भी वृद्धि की है।

इसके तहत घरेलू सिलेंडर के दाम में 60 रुपए और कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 114 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद जहां एक ओर उपभोक्ताओं में चिंता का माहौल है, वहीं गैस एजेंसियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। हनुमानगढ़ टाउन स्थित इंडेन गैस एजेंसी के प्रतिनिधि सतविंद्र सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि देश में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि 25 दिन बाद बुकिंग का नियम उपभोक्ताओं की बुकिंग हिस्ट्री को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है, ताकि गैस की सप्लाई व्यवस्थित तरीके से सभी तक पहुंच सके। उन्होंने यह भी बताया कि इन दिनों एक साथ बड़ी संख्या में उपभोक्ता बुकिंग कर रहे हैं, जिसके कारण कभी-कभी ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम या सर्वर धीमा पड़ जाता है। हालांकि इसके बावजूद गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। सतविंद्र सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अतिरिक्त बुकिंग करने की कोशिश न करें। सभी घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा और सप्लाई में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार और गैस एजेंसियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर घर तक समय पर एलपीजी सिलेंडर पहुंचे और किसी भी परिवार की रसोई गैस की कमी के कारण प्रभावित न हो।
