संगरिया। स्वामी केशवानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल, ग्रामोत्थान विद्यापीठ में आयोजित 31वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का बुधवार को मेडल एवं ट्रॉफी वितरण के साथ समापन हुआ। 19 से 23 सितंबर तक चली इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर के विभिन्न स्कूलों के तैराकों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मुख्य संयोजक एस.के. मुरारी, 17 वर्षीय छात्र-छात्रा वर्ग के खेल संयोजक वेद प्रकाश तथा 14 वर्षीय छात्र-छात्रा वर्ग के संयोजक धर्मपाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों की कुल 39 टीमों ने हिस्सा लिया। 14 वर्षीय वर्ग में छात्रा वर्ग की 9 और छात्र वर्ग की 8 टीमों ने भाग लिया। 17 वर्षीय वर्ग में छात्र वर्ग की 14 तथा छात्रा वर्ग की 3 टीमें मैदान में उतरीं। वहीं 19 वर्षीय वर्ग में छात्र वर्ग की 4 और छात्रा वर्ग की 1 टीम ने प्रतियोगिता में भागीदारी की।
इन टीमों ने जीती चैंपियनशिप
समापन अवसर पर विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं की घोषणा की गई। 14 वर्षीय छात्र एवं छात्रा वर्ग में मदान इंटरनेशनल स्कूल, हनुमानगढ़ ने दोनों वर्गों की चैंपियनशिप अपने नाम की। 17 वर्षीय छात्र वर्ग में गुड डे डिफेंस, हनुमानगढ़ की टीम चैंपियन बनी, जबकि छात्रा वर्ग में उत्तम पब्लिक स्कूल ने खिताबी जीत हासिल की। 19 वर्षीय छात्र वर्ग में केआर कान्वेंट स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप जीती। वहीं 19 वर्षीय छात्रा वर्ग में उत्तम पब्लिक स्कूल ने भी चैंपियनशिप अपने नाम की। समापन समारोह में खेल संयोजकों एवं विद्यालय प्रबंधन की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
