ऐलनाबाद, 23 फरवरी। शहर के ममेरा रोड स्थित सिद्ध पीठ श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का पांच दिवसीय फाल्गुन मेला 24 से 28 फरवरी तक श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करेगी। मेले का शुभारंभ 24 फरवरी को प्रातः 10:15 बजे रक्तदान शिविर से होगा, जिसमें उपमंडल क्षेत्र के नागरिक बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

इसी दिन दोपहर 3:15 बजे मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाओं व युवतियों की विशेष भागीदारी रहेगी। 25 फरवरी को दोपहर 12:15 बजे ध्वज शोभा एवं कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा रेलवे रोड स्थित दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई सायंकाल सिद्ध पीठ श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी। शोभा यात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

26 फरवरी को प्रातः 9:15 बजे अखंड ज्योति पाठ एवं कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसका वाचन भादरा निवासी कथा वाचक सुरेश जी शर्मा द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। 27 फरवरी को मंदिर प्रांगण में विशाल जागरण का आयोजन होगा। भजन संध्या में दिल्ली की प्रसिद्ध भजन गायिका सोनी सिस्टर, श्रीगंगानगर के शशिकांत, रायसिंहनगर के कन्हैया झा तथा हनुमानगढ़ के पंकज म्यूजिकल ग्रुप को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो पूरी रात्रि श्री श्याम प्रभु के भजनों की रसधारा प्रवाहित करेंगे।

पांच दिवसीय आयोजन का समापन 28 फरवरी को भंडारे के साथ किया जाएगा। मेले के अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। दूर-दूर से श्रद्धालु यहां माथा टेकने पहुंचते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले को सफल बनाने की अपील की है।

