हनुमानगढ़। ऑटो चालक के साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। संगरिया थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 44, जोगियों का मोहल्ला, सुरेशिया, हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी 61 वर्षीय पृथ्वीराम कुम्हार पुत्र हुक्माराम कुम्हार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। 15 अप्रैल की रात करीब 10.45 से 11 बजे के बीच वह हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सवारी के इंतजार में खड़ा था। इसी दौरान ट्रेन आने के बाद चार व्यक्ति उसके पास आए और धौलीपाल जाने के लिए 400 रुपए किराया तय कर ऑटो में बैठ गए। धौलीपाल पहुंचने के बाद आरोपियों ने खेत में स्थित ढाणी तक छोड़ने की बात कहकर उसे आगे ले गए। नहर के पास सुनसान जगह पर आरोपियों ने ऑटो रुकवाकर उसके साथ मारपीट की, गालियां दीं और उसे नहर की पटरी के पास पेड़ से साफों के सहारे बांध दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके पास से 1500 रुपए नकद, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया तथा उसका ऑटो नंबर आरजे 31 पीए 4958 लेकर फरार हो गए। पीड़ित किसी तरह खुद को छुड़ाकर पास के होटल तक पहुंचा और घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक केशव शर्मा कर रहे हैं।
