हनुमानगढ़। ब्लॉसम एकेडमी स्कूल में कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी।



समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया। नन्हे छात्रों ने अपने सीनियर्स के लिए गीत, नृत्य और कविताओं के माध्यम से शुभकामनाएं व्यक्त कीं। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


इस मौके पर प्रधानाचार्य मीनाक्षी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केन्द्र नहीं, बल्कि संस्कारों की पाठशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी। विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

