हनुमानगढ़। जिला कलक्टर के आदेशों के बावजूद क्षेत्र में चाइनीज मांझे की धड़ल्ले से बिक्री हो रही है। पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाले चाइनीज मांझे के कारण कई छुटपुट घटनाएं भी रोजाना हो रही हैं। लेकिन बावजूद इसके दुकानदार चंद रुपयों के लालच में लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने से पीछे नहीं हट रहे। भारत की जनवादी नौजवान सभा के जिलाध्यक्ष वेद मक्कासर ने आरोप लगाया कि हनुमानगढ़ का प्रशासन सोया हुआ है। अंधेर नगरी चौपट राजा की स्थिति पैदा हो चुकी है। टाउन क्षेत्र की बात करें तो पुलिस थाना के सामने चाइनीज मांझे की बिक्री हो रही है। इस मांझे का उपयोग पतंग उड़ाने में हो रहा है।

जिला कलक्टर के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस चाइनीज मांझे की चपेट में आने से लोगों की नसें तक कटने की बातें रोजाना सामने आ रही हैं। पक्षियों के पंख व पैर कट रहे हैं। शायद प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन गंभीर नहीं हुआ और चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक नहीं लगी तो भारत की जनवादी नौजवान सभा आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी।

डीवाईएफआई के देवीलाल ने बताया कि पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा चाइनीज मांझा खतरनाक साबित हो रहा है। इसकी चपेट में आने से लोगों के जीवन को खतरा पैदा हो रहा है। बाइक सवार के लिए चाइनीज मांझा सबसे ज्यादा खतरनाक है। इससे गला कटने का खतरा रहता है। पक्षियों के जीवन पर भी खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन को बार-बार अवगत करवाने के बावजूद भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा। बाजार में चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इलाके में हो रही चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाई जाए।
