हनुमानगढ़। टाउन शहर की सब्जी मण्डी में पिछले कुछ समय से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी हुई है। बावजूद इसके इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यातायात पुलिस की ओर से वाल्मीकि चौक के आसपास का क्षेत्र नो एंट्री एरिया घोषित किया गया है। बकायदा इस संबंध में सूचना के लिए संकेतक बोर्ड भी लगाए गए हैं। चौक पर होमगार्ड जवान तैनात कर बैरिकेड्ंिग की गई है लेकिन बावजूद इसके चौपहिया वाहन सब्जी मण्डी में आने से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही है। सब्जी मण्डी के बिल्कुल सामने ही पुलिस थाना है लेकिन फिर भी यहां शाम के समय जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।

थाना के सामने दुकान चलाने वाले राजेश कुमार ने बताया कि सब्जी मण्डी में नो एंट्री है। बावजूद इसके सब्जी मण्डी की तरफ आने वाले रास्ते पर लगे बेरिकेड्स हटाकर चौपहिया वाहन सब्जी मण्डी में आ जाते हैं। शाम के समय हालात और बिगड़ जाते हैं। सब्जी मण्डी रोड पर बनी दुकानों के दुकानदारों व ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सब्जी की रेहड़ियां लगाने वाले दुकानदारों की वजह से भी अव्यवस्था हो रही है और ट्रैफिक बाधित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि सब्जी मण्डी के पास यातायात पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि सब्जी मण्डी में चौपहिया वाहनों का प्रवेश न हो।

स्ट्रीट वेंडर अध्यक्ष श्रवण वर्मा ने बताया कि कुछ लोग अपने चौपहिया वाहन दुकानों के आगे सड़क पर खड़ा कर चले जाते हैं। जबकि चौक पर बेरिकेड्स लगाए गए हैं। वहां पर होमगार्ड जवान की भी ड्यूटी है। बावजूद इसके चौपहिया वाहन सब्जी मण्डी में आ जाते हैं। जाम लगने से थाना व सब्जी मण्डी में आने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जबकि शहर में पार्किंग की व्यवस्था है। लेकिन यातायात पुलिस की नाकामी की वजह से हालात बिगड़ रहे हैं। पूर्व में कई दिन कार्रवाई भी हुई और ऑनलाइन चालान भी काटे गए लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की तरफ यातायात पुलिस की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा।

डॉ. कटारिया ने बताया कि चौपहिया वाहनों पर प्रतिबंध होने के बावजूद सब्जी मण्डी में कार सहित अन्य चौपहिया वाहन पहुंच रहे हैं। वहीं ई-रिक्शा की वजह से भी आवागमन बाधित हो रहा है। जहां जी में आए वहां ई-रिक्शा रोक दिया जाता है। सब्जी मण्डी में चौपहिया वाहन व ई-रिक्शे खड़े रहने से ट्रैफिक जाम हो जाता है। हालात चांदनी चौक जैसे हो जाते हैं। सब्जी की रेहड़ी लगाने वाले भी अपने निर्धारित स्थान पर रेहड़ी न लगाकर सड़क तक अपना कारोबार फैला लेते हैं। निराश्रित पशुओं की भी भरमार है। उन्होंने मांग की कि व्यवस्था में सुधार हो। चौपहिया वाहनों को नो एंट्री क्षेत्र में न आने दिया जाए।

निराश्रित पशुओं की भी समस्या से निजात दिलाई जाए। सब्जी की रेहड़ी लगाने वालों को अपने निर्धारित स्थान पर रेहड़ी लगाने के लिए पाबंद किया जाए। चौक के पास तैनात होमगार्ड जवान हरजीत कौर के अनुसार वे जिस जगह ड्यूटी दे रही हैं वहां से कोई चौपहिया वाहन सब्जी मण्डी में नहीं जा रहा। जबकि इन्द्रा चौक, सुभाष चौक सहित अन्य रास्तों से वाहन सब्जी मण्डी में आ रहे हैं। वहां बेरिकेड्स लगे हुए हैं लेकिन स्टाफ नहीं।
