हनुमानगढ़। टाउन स्थित सेठ राधा किशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। इस उपलक्ष्य में विद्यालय की छात्राओं ने टाउन पुलिस थाना का भ्रमण किया। पुलिस अधिकारियों की ओर से छात्राओं को कानूनी जानकारी दी गई। उनके समक्ष आने वाली परेशानियों से सचेत करते हुए महिला संबंधी बने कानूनों से अवगत करवाया गया।

एएसआई राजेन्द्र कुमार व दलीप सिंह ने छात्राओं से कहा कि आपातकाल के समय आवश्यकता होने पर हेल्पलाइन नम्बर 1098, 112, 100 आदि पर सम्पर्क करें। पुलिस उनकी मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेगी। उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थाओं के बाहर बालिकाओं की सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तैनात रहती है। टाउन थाना क्षेत्र में तीन यूनिट की ओर से दुपहिया पर स्कूल-कॉलेज के बाहर स्कूल-कॉलेज लगने व छुट्टी के समय गश्त की जाती है ताकि बालिकाएं शिक्षण संस्थान से घर व घर से शिक्षण संस्थान सुरक्षित पहुंच सकें।

उनके साथ रास्ते में कोई अनहोनी न हो। बालिकाओं को बताया गया कि वे 16 साल की आयु से पहले वाहन न चलाएं। 16 साल की आयु पूर्ण होने के बाद ई-बाइक्स चला सकती हैं। हेलमेट का अवश्य इस्तेमाल करें। 18 साल की आयु पूर्ण करने पर ड्राइविंग लाइसेंस अवश्य बनवाएं। चौपहिया चलाते समय सीट बैल्ट का प्रयोग करें। अपने अभिभावकों से भी समझाइश करें कि वे भी यातायात नियमों की पालना करें। पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को नशे के खिलाफ जारी अभियान में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।
