ऐलनाबाद। केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अधीन एमएसएमई-विकास कार्यालय करनाल द्वारा बरनाला रोड स्थित बाल भवन में “पीएम विश्वकर्मा प्रदर्शनी–2025” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीटीएम अजय सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी 25 जनवरी तक आम जनता के लिए सुबह 10:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक खुली रहेगी। सीटीएम अजय कुमार ने उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक युग में सशक्त बनाने के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि कारीगरों को चाहिए कि वे योजना के प्रति सजग व जागरूक होकर इसका लाभ उठाएं। इसी कड़ी में योजना की जागरूकता को लेकर यह प्रदर्शनी लगाई गई है। उन्होंने आमजन से विशेषकर कारीगरों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रदर्शनी पहुंचकर योजना के बारे में जानें और इसका लाभ उठाएं। करनाल से एमएसएमई डीएफओ सहायक निदेशक मीनू धीमान ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। अपर विकास आयुक्त संजीव चावला ने कारीगरों के लिए उपलब्ध सरकारी सहयोग और योजना के मुख्य उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रदर्शनी के दौरान कारीगरों के ज्ञानवर्धन के लिए विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। सोनीपत से आई डिजिटल मार्केटिंग फैकल्टी सुश्री गौरी कपूर ने कारीगरों को ऑनलाइन मार्केटिंग के गुर सिखाए।

एलडीएम सिरसा संजीव कुमार ने बैंकिंग और वित्तीय साक्षरता के बारे में जानकारी दी। जिला एमएसएमई केंद्र के उप निदेशक दिनेश पाहवा ने राज्य सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं से अवगत कराया। सत्र के अंत में एक प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन हुआ, जिसमें कारीगरों की शंकाओं का समाधान किया गया। शाम के सतर में स्वरांजलि सुर मंदिर करनाल की निदेशक मीनाक्षी पांचल द्वारा प्रस्तुत संगीत कार्यक्रम में समा बांध दिया प्रदर्शनी में पीएम विश्वकर्म योजना से जुड़े कार्यक्रमों द्वारा तैयार किया गयाहै। कार्यक्रम के समापन पर सहायक निदेशक हरपाल सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।
