हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र में रासलाना नहर के पास सड़क हादसे में घायल हुए हरियाणा निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भतीजे की रिपोर्ट पर भिरानी थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बालसमंद, हिसार (हरियाणा) निवासी मुकेश कुमार (30) पुत्र सीताराम महाजन ने थाने में रिपोर्ट दी कि उसके ताऊ नवीन कुमार (60) पुत्र लोकराम महाजन 11 सितंबर की सुबह करीब 6.30 बजे बाइक से अमरपुरा टोल प्लाजा के पास स्थित ब्लॉक फैक्टरी जा रहे थे। बाइक को नवीन कुमार चला रहे थे। करीब 7 बजे रासलाना नहर से लगभग एक किलोमीटर पहले पीछे से आ रही लाल रंग की कार नंबर डीएल 9 सीएटी 4701 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने घायल नवीन कुमार को भादरा अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हिसार के सर्वोदय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान 12 सितंबर की रात उनकी मौत हो गई। मुकेश कुमार की रिपोर्ट पर भिरानी थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अनुसंधान हेड कांस्टेबल करणी सिंह को सौंपा गया है।
