पीलीबंगा। पीलीबंगा थाना क्षेत्र में कार सवार युवकों की ओर से एक व्यक्ति को रोककर मारपीट करने और अपहरण कर नहर किनारे फेंकने का मामला सामने आया है। पीलीबंगा थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 8, चक झूरियांवाला निवासी जाकिर हुसैन (30) पुत्र साबर खान ने रिपोर्ट दी कि 8 मार्च को दोपहर करीब 12.30 बजे वह अपनी मोटर साइकिल से अपने पिता को लेने के लिए गांव बड़ोपल जा रहा था। उसके पीछे उसका पुत्र इमरान दूसरी मोटर साइकिल पर आ रहा था। रास्ते में सेमनाले वाले पुल के पास काले रंग की एक होंडा सिटी कार नम्बर डीएल 3 सीबीई 4788 ने उसे ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। कार से राजू खान पुत्र यासीन खान, सैंडी निवासी ढाणी लाल खान, दीपु ठाकुर निवासी हनुमानगढ़, फजलदीन पुत्र रफीक मोहम्मद निवासी चक ठाकरुवाला सहित तीन अन्य अज्ञात व्यक्ति नीचे उतरे। आरोप है कि उनके हाथों में लाठियां, तलवार, लोहे की पाइप व अन्य धारदार हथियार थे। आरोपियों ने जाकिर हुसैन को धमकाते हुए मारपीट की तथा उसकी मोटर साइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे उसके पुत्र इमरान को धमकाकर वहां से भगा दिया गया और उसकी मोटर साइकिल भी साथ ले गए। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने जाकिर हुसैन को जबरन कार की डिग्गी में डालकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर फिर मारपीट की और बाद में 26 एसटीजी नहर के किनारे फेंक कर फरार हो गए। बाद में राहगीर के मोबाइल फोन से उसने अपने भांजे फिरोज खान को फोन किया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पीलीबंगा के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। घटना में जाकिर हुसैन के पैर, हाथ और आंख के पास चोटें आई हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जाखड़ांवाली चौकी प्रभारी उप निरीक्षक चैनदान को सौंपी है।
