हनुमानगढ़। सदर थाना पुलिस ने एक कार से मादक पदार्थ हेरोइन बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी रावतसर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार सदर थाना के एसआई हरबंश लाल के नेतृत्व में गठित टीम रविवार रात्रि को गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान टीम ने एक कार को रुकवाया तो उसमें दो व्यक्ति सवार थे।

पूछताछ में कार सवारों की पहचान संजय (26) पुत्र महेन्द्र कुमार शर्मा निवासी वार्ड नम्बर नौ, रावतसर व सम्पत सिंह (28) पुत्र भूपेन्द्र सिंह भाटी निवासी वार्ड नम्बर सात, रावतसर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान टीम को कार से 8.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) मिला। टीम ने चिट्टा बरामद कर कार सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे की जांच थाना प्रभारी राकेश सांखला कर रहे हैं।
