रायसिंहनगर। गांव 2 टीके के दलित किसान मेजर सिंह के समर्थन में चल रहा धरना 54वें दिन भी जारी रहा। भू-माफियाओं द्वारा पकी हुई फसल काटकर ले जाने का विरोध करने पर हुई कथित मारपीट के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। धरना स्थल पर मौजूद भीम आर्मी के जिला महासचिव राजेंद्र फतेहगढ़ ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी गंगाराम विश्नोई सोशल मीडिया पर आंदोलनकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए अशोभनीय टिप्पणियां कर रहा है और उसे भाजपा सरकार तथा पुलिस प्रशासन का कोई भय नहीं है। राजेंद्र फतेहगढ़ ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में वह आज से अर्धनग्न आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो सोमवार से भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इसके बावजूद भी कार्रवाई नहीं होने पर भीम आर्मी एवं संत महापुरुषों के नेतृत्व में जल्द ही “जेल भरो आंदोलन” शुरू किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने और पीड़ित किसान को न्याय दिलाने की मांग की है।
