हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र के छानीबड़ी गांव में कृषि भूमि पर काम कर रहे एक किसान के साथ मारपीट और जानबूझकर बीयर की टूटी बोतलों के शीशे फेंककर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। भिरानी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर एक नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, राकेश कुमार (27) पुत्र हवासिंह निवासी छानीबड़ी तहसील भादरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह खेती का कार्य करता है तथा चक 3 सीएचएन स्थित शामिल खाते की कृषि भूमि में अपने हिस्से की जमीन पर खेती करता है। रिपोर्ट में बताया गया कि 28 जून को सुबह करीब 9.30 बजे बारिश के बाद वह अपने खेत में ट्रैक्टर से बान कर रहा था। इसी दौरान गांव निवासी बलजीत पुत्र बलवान सिंह कथित रूप से उसके कब्जे वाली कृषि भूमि में घुस आया और बीयर की खाली बोतलों के शीशे तोड़कर खेत में फेंकने लगा। आरोप है कि ऐसा उसने नुकसान पहुंचाने की नीयत से किया। परिवादी के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और उसे ट्रैक्टर से नीचे पटक दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ थप्पड़ों और मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने राकेश कुमार के दाहिने हाथ की छोटी अंगुली तथा दोनों हाथों पर दांतों से काट लिया। इतना ही नहीं, जमीन पर पड़ी ईंट उठाकर उसके बाएं बाजू पर भी वार किया, जिससे उसे चोटें आईं और अंगुली से खून बहने लगा। शोर सुनकर राकेश कुमार की माता, जो उसके लिए चाय लेकर खेत में आई थीं, तथा पड़ोस में काम कर रहे विकास पुत्र भूपसिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। भिरानी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बलजीत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।
