रावतसर। शासन सचिवालय जयपुर में भाजपा महामंत्री कैलाश मेघवाल ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान रावतसर बाईपास के शीघ्र निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। कैलाश मेघवाल ने रावतसर में बाईपास सड़क मार्ग की जल्द स्वीकृति के लिए ज्ञापन सौंपा, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने क्षेत्र के विकास पर सहमति जताई। रावतसर में बाईपास सड़क मार्ग की मांग काफी समय से उठ रही है। बाईपास न होने से शहर के अंदर भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिससे वाहन मालिकों, चालकों को भारी दिक्कत होती है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाईपास बन जाने से शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और भारी वाहनों को आसानी से शहर के बाहर से निकाला जा सकेगा, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कैलाश मेघवाल ने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दी जाए और जल्द से जल्द मंजूरी दी जाए, ताकि रावतसर के लोगों की यह पुरानी मांग पूरी हो सके। यह पहल रावतसर के निवासियों के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है और क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
